शिक्षकों का प्रतिनियोजन रद्द करने की मांग पर सुंदरपुर के ग्रामीणों का डीएसई कार्यालय में प्रदर्शन
समाजसेवी विमल बैठा के नेतृत्व में सौंपा गया ज्ञापन
Patamda : पटमदा प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय सुंदरपुर में पदस्थापित 5 शिक्षकों में से 2 की प्रतिनियुक्ति दूसरे विद्यालयों में कर दिए जाने के बाद से बच्चों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हुई है। इससे चिंतित अभिभावकों ने सोमवार को जमशेदपुर पहुंचकर समाजसेवी विमल बैठा के नेतृत्व में जिला शिक्षा अधीक्षक (डीएसई) को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में दोनों प्रतिनियुक्त शिक्षकों शैलेन्द्र कुमार एवं रंजना पांडेय का प्रतिनियोजन रद्द करने एवं उन्हें मूल विद्यालय में पदस्थापित करने की मांग की गई है। ग्रामीण कृष्णा महतो, रेवती महतो, आशुतोष महतो, जगबंधु महतो, नंदलाल महतो व मालती कर्मकार के मुताबिक जिला शिक्षा अधीक्षक ने अविलंब शिक्षकों को वापस मूल विद्यालय में भेजने का आश्वासन दिया है। इससे पूर्व सुंदरपुर एवं आसपास के गांवों से पहुंचे दर्जनों अभिभावकों ने डीएसई कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन भी किया।
ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षकों की कमी से बच्चों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। सुंदरपुर उत्क्रमित मध्य विद्यालय में कक्षा एक से लेकर आठवीं तक 126 बच्चे नामांकित हैं। विद्यालय में कुल 5 शिक्षक पदस्थापित है। वर्तमान में कार्यरत 3 शिक्षकों के भरोसे बच्चों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है क्योंकि एक शिक्षक का अधिकांश समय विभागीय रिपोर्टिंग के कार्य में ही चला जाता है।





