बांगुड़दा प्लस टू हाई स्कूल में व्यावसायिक कौशल प्रतियोगिता आयोजित
Patamda: पटमदा प्रखंड के प्लस टू आदिवासी उच्च विद्यालय बांगुड़दा में मंगलवार को व्यावसायिक कौशल प्रतियोगिता का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने भाग लेकर अपने कौशल और सृजनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में व्यावहारिक ज्ञान और कौशल विकास को बढ़ावा देना था। प्रतियोगिता के दौरान छात्रों ने आईटी, मीडिया एंड एंटरटेनमेंट तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एंड हार्डवेयर ट्रेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर विद्यालय के मीडिया एंड एंटरमेंट के व्यावसायिक प्रशिक्षक सनत कुमार पात्र, आईटी के सद्दाम अंसारी तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एंड हार्डवेयर की शिक्षिका डॉली कुमारी की सक्रिय भूमिका सराहनीय रही। उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने अपने-अपने क्षेत्र में शानदार प्रस्तुति दी। विद्यालय के प्राचार्य सुजीत कुमार सेठ ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं छात्रों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और रोजगारोन्मुखी शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाती हैं। हर छात्र को अपने कौशल को पहचानकर आगे बढ़ने की कोशिश करनी चाहिए। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के शिक्षकों की देखरेख में किया गया। अंत में विद्यालय परिवार ने इस सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी प्रशिक्षकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।





