खदानों पर एसडीएम के पहुंचते ही भाग निकले मजदूर, गिट्टी लदे ट्रैक्टर जब्त, अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी
सिसदा गांव स्थित दो खदानों से बरामद की गई कई सामग्री
Patamda: गुप्त सूचना के आधार पर शुक्रवार को पटमदा थाना क्षेत्र अंतर्गत इको सेंसेटिव जोन में आने वाले ठनठनी घाटी, गाड़ीग्राम एवं सिसदा आदि गांवों में धालभूम एसडीएम अर्णव मिश्रा के नेतृत्व में पत्थरों के अवैध खदानों पर छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान अंचल अमीन द्वारा जमीन की मापी कर यह पता लगाया गया कि पूर्व में किए गए निरीक्षण के दौरान पाई गई स्थिति के बाद अब तक कितने क्षेत्रों में अवैध तरीके से पत्थरों का खनन किया गया है। इनमें इको सेंसेटिव जोन अंतर्गत आने वाले क्षेत्र भी शामिल हैं जो वन विभाग की जमीन पर मौजूद है और कुछ रैयती या झारखंड सरकार की खास जमीन भी शामिल हैं। अभियान में एसडीएम के साथ पटमदा के अंचलाधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार दास, खनन अंचल अमीन नंदलाल महतो, प्रभारी वनपाल राजा घोष एवं खनन विभाग के अधिकारी आदि शामिल थे। टीम ने अभियान के दौरान खदानों में उपयोग किए जाने वाले फावड़ा, गैंता, सब्बल, कढ़ाई, विस्फोट करने में प्रयुक्त तार आदि आदि भी जब्त किया गया है। प्रशासन की टीम द्वारा की गई कार्रवाई के बाद खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है। सिसदा में दो जगहों पर खुदाई के ताजा निशान मिले हैं जहां शुक्रवार को भी दोपहर तक पत्थरों का अवैध तरीके से खनन किया जा रहा था। टीम के पहुंचते ही खदान में काम कर रहे मजदूर भाग निकले।
यहां की दोनों खदानों से कुल 11 कढ़ाई, 2 सब्बल, 1 फावड़ा समेत कई सामग्रियों को जब्त किया गया है। यहां कुछ दिनों पूर्व ही विस्फोटक पदार्थों का उपयोग करते हुए खनन माफिया द्वारा विस्फोट किया गया था। उसके बाद मजदूरों द्वारा पत्थरों को चुनने का काम हो रहा था। एसडीएम अर्णव मिश्रा के निर्देश पर खनन निरीक्षक अरविंद उरांव के आवेदन पर पटमदा थाना में अज्ञात लोगों के खिलाफ इको सेंसेटिव जोन में पत्थरों का अवैध तरीके से खनन कार्य करने के प्राथमिकी दर्ज की गई है। अंचलाधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार दास ने बताया कि छापेमारी कर लौटने के क्रम में टीम को बेलटांड़ चौक के समीप एक गिट्टी लदा ट्रैक्टर मिला जिसमें किसी भी तरह का वैध कागजात नहीं होने की वजह से उसे जब्त करते हुए थाना पहुंचाया गया। इस मामले में भी गाड़ी मालिक के खिलाफ अवैध परिवहन एवं अन्य सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।





