जोड़सा पंचायत में धान की फसल को नुकसान पहुंचा रहे जंगली सूअर

Patamda : पटमदा प्रखंड की जोड़सा पंचायत अंतर्गत जोड़सा, तुंगबुरु, झुंझका, जामडीह, राजाबासा व मेघादह क्षेत्र में किसानों के खेतों में तैयार धान की फसलों को जंगली सूअर और मोर पक्षी नुकसान पहुंचा रहे हैं। इससे क्षेत्र के किसान परेशान और चिंतित नजर आ रहे हैं। किसानों ने बताया कि खेतों में खड़ी धान की फसल को देर रात जंगल से निकलने वाले सूअर भोजन की तलाश में मिट्टी को खोदकर खड़े धान को जमीन में गिराकर बर्बाद कर रहा है। जबकि जंगल से निकलने वाली मोर पक्षी भी धान की बाली को निवाला बना रही हैं।
किसानों ने जंगली जानवरों को रोकने के लिए खेत के मेढ़ पर झाड़ियों से घेराबंदी भी कर दी है लेकिन उससे भी रोक नहीं लग पा रही है। जोड़सा गांव के किसान सुधांशु कुंभकार, श्यामपद सिंह, सतीश सिंह आदि ने बताया कि जंगली सूअर और मोर से किसान इन दिनों खासे परेशान हैं। कुछ दिनों पहले ग्रामीणों ने जंगली सूअर को जंगल से खदेड़ने के लिए प्रयास किया लेकिन एक दो दिन बाद भोजन की तलाश में फिर से सूअर का आतंक फिर से शुरू हो गया है। शिकारियों ने सूअर को पकड़ने के लिए धान खेत के बगल में जाल भी बिछाकर रखा है लेकिन अब तक उन्हें भी सफलता नहीं मिली है। किसानों ने बताया कि अन्य साल जंगली हाथियों के आने से नुकसान होता था इस साल हाथी तो नहीं आया लेकिन दूसरे जानवर और पक्षियों से नुकसान हो रहा है।




