पटमदा में चल रही थी नकली शराब की फैक्ट्री, आबकारी विभाग की छापेमारी में 6 लोग गिरफ्तार, जानें विस्तृत रिपोर्ट
Patamda: जिला प्रशासन के निर्देश पर आबकारी विभाग की टीम ने बुधवार को घंटों छापेमारी करते हुए एक ट्रक नकली विदेशी शराब एवं उसमें काम करने वाले 6 युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। आबकारी विभाग की पुलिस को वहां छापेमारी करते देख स्थानीय लोग यह पता लगाने का प्रयास करते दिखे कि आखिर पुलिस उस घर में क्या करने पहुंची। जब पता चला कि यहां किसी के द्वारा नकली केमिकल युक्त विदेशी शराब का निर्माण किया जाता था और यहां से विभिन्न बाजारों में आपूर्ति की जाती थी। लोग आश्चर्य वक्त करने लगे कि आखिर भीड़भाड़ वाले बेलटांड़ बाजार में कैसे चल रही थी यह फैक्ट्री।
सूत्रों के मुताबिक मानगो, जमशेदपुर निवासी किसी शराब माफिया द्वारा स्थानीय एक व्यक्ति से मकान भाड़े में लेकर रात के अंधेरे में शराब का निर्माण कराता था। यह कारोबार पिछले करीब 6 माह से चल रहा था और उसमें काम करने वाले मजदूर मानगो आजादनगर थाना क्षेत्र के निवासी हैं। यह स्थान बेलटांड़ चौक से करीब 200 मीटर की दूरी पर स्थित है और इसके अगल- बगल में एक नई बस्ती बसी है। उस क्षेत्र में लोगों की चहल- पहल कम होती है इसलिए स्थानीय लोगों को भी इसके बारे में कोई जानकारी नहीं थी। इसका भंडाफोड़ तब हुआ जब किसी ने आबकारी विभाग को गुप्त रूप से इसकी सूचना दी। मौके पर मौजूद टीम के सदस्यों ने बताया कि अभी गिनती जारी है और देर शाम तक इस संबंध में विस्तृत जानकारी दी जा सकती। विभिन्न ब्रांडों के सैकड़ों पेटी नकली शराब, स्टीकर, बोतल एवं केमिकल बरामद किए गए हैं। सूचना पाकर काफी संख्या में लोग वहां पहुंचे और घटना की जानकारी ली। बताते हैं कि जिस मकान में यह काला कारोबार चल रहा था, अर्धनिर्मित है और उसका दरवाजा भी नहीं है, बेलटांड़- जोड़सा मुख्य सड़क के पीछे है।





