मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना से बांसगढ़ में बनेगी एक किमी सड़क, हुआ शिलान्यास
Patamda: पटमदा प्रखंड की लच्छीपुर पंचायत अंतर्गत बांसगढ़ काली मंदिर से सबर टोला तक करीब एक किमी कालीकरण सह पीसीसी पथ निर्माण का कार्य किया जाएगा। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना से स्वीकृत कार्य का शिलान्यास बुधवार को सांसद प्रतिनिधि महावीर महतो व विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू ने विधिवत नारियल फोड़कर किया। एक करोड़ 57 लाख की लागत से बनने वाली सड़क निर्माण कार्य का ठेका इवोल्विंग ईरा सर्विस प्राइवेट लिमिटेड जमशेदपुर को मिला है।
इस संबंध में विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू ने बताया कि सबर टोला तक जाने के लिए कोई रास्ता नहीं होने के कारण ग्रामीणों ने कई बार श्रमदान कर सड़क को चलने लायक बनाया। ग्रामीणों की असुविधा को देखते हुए विधायक मंगल कालिंदी ने सड़क निर्माण की स्वीकृति दिलाई है। उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण हो जाने से अब लोगों को कीचड़ से मुक्ति मिल जाएगी। इस दौरान मुखिया कृष्णपद सिंह, झामुमो नेता सुभाष कर्मकार, अश्विनी महतो, यदुनाथ गोराई, लक्खीकांत दास, अपूर्व मंडल, सिजेन हेंब्रम व प्रबोध मंडल आदि मौजूद थे।


