पटमदा में लीज अवधि समाप्त होने के बावजूद खनन का आरोप, उपायुक्त से शिकायत
Patamda: पटमदा प्रखंड की ओड़िया पंचायत अंतर्गत ओड़िया चिरूडीह गांव में लीज अवधि समाप्त होने के बावजूद खनन कारोबारियों द्वारा पत्थर खदान से रात के अंधेरे में अवैध तरीके से खनन किए जाने का आरोप है। मंगलवार को पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त कार्यालय पहुंचे ग्रामीणों ने इसकी लिखित शिकायत करते उपायुक्त से दोषी कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि 18 सितंबर को ही चिरूडीह मौजा की एक जमीन पर बने खदान की लीज अवधि समाप्त हो चुकी है। लेकिन इसके बावजूद खनन कार्य जारी रहने की सूचना पर जब 21 सितंबर की रात को ग्रामीण वहां पहुंचकर मामले की शिकायत दूरभाष के माध्यम से अंचलाधिकारी से की तो उन्होंने इसकी लिखित शिकायत जिला खनन पदाधिकारी से करने को कहा। इसके बाद जिले के उपायुक्त से लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर टैग करते हुए पोस्ट किया गया है। सौंपने वालों में फनी महतो, विकास महतो एवं सागर महतो मौजूद थे।





