पटमदा में स्वच्छता एवं जल संरक्षण पर जागरूकता रैली
Patamda : एसएस प्लस टू हाई स्कूल पटमदा में विभागीय निर्देशानुसार चल रहे स्वच्छता पखवाड़ा कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार को पोषक क्षेत्र के गांवों में स्वच्छता एवं जल संरक्षण विषयक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने हाथों में तख्तियां लेकर “जल है तो कल है” तथा “स्वच्छता अपनाओ, जीवन बचाओ” जैसे प्रभावशाली नारे लगाते हुए ग्रामीणों को संदेश दिया।
रैली का नेतृत्व विद्यालय के प्राचार्य डॉ. मिथिलेश कुमार ने किया। उन्होंने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि जल का महत्व अमूल्य है और इसका संरक्षण हर व्यक्ति का कर्तव्य है। उन्होंने एक-एक बूंद जल का सदुपयोग करने की अपील करते हुए जल संरक्षण को आने वाली पीढ़ियों की सुरक्षा से जोड़ा। इस अवसर पर राशिद नेसार, डॉक्टर प्रमाणिक और अभिजीत पाल भी उपस्थित रहे। उन्होंने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए प्लास्टिक के अंधाधुंध प्रयोग से पर्यावरण को होने वाले नुकसान, गंदगी से फैलने वाली बीमारियों एवं स्वच्छता के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि स्वच्छ वातावरण न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है बल्कि समाज की प्रगति की कुंजी भी है।
ग्रामीणों ने इस रैली में उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वच्छता एवं जल संरक्षण की दिशा में व्यक्तिगत एवं सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन से गांव के वातावरण में सकारात्मक संदेश का संचार हुआ और लोगों में जागरूकता बढ़ी।






























