एसएस +2 हाई स्कूल में जागरूकता शिविर का आयोजन
Patamda: एसएस प्लस टू हाई स्कूल, पटमदा में सोमवार को एक दिवसीय जागरूकता शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य छात्रों एवं समुदाय को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना, शिक्षा के महत्व को रेखांकित करना तथा नशा मुक्त समाज एवं अंधविश्वास उन्मूलन की दिशा में सकारात्मक संदेश देना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अन्वेषा संस्था की सचिव अल्पना भट्टाचार्य उपस्थित रहीं। उनके साथ शुभ्रल राय, विश्वनाथ महतो एवं विश्वजीत महतो भी शामिल हुए। अतिथियों ने सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन, वैज्ञानिक दृष्टिकोण के विस्तार तथा स्वास्थ्य एवं शिक्षा सुधार पर अपने विचार रखे। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. मिथिलेश कुमार ने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता शिविर छात्रों में सकारात्मक सोच, सामाजिक चेतना एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में सहायक होते हैं। शिविर में शिक्षक श्रीमन्त प्रामाणिक, कौशलेंद्र कुमार सिंह सहित विद्यालय के अन्य सभी शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम प्रेरक एवं सहभागिता पूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ।





