कमलपुर मध्य विद्यालय में शिक्षकों की घोर कमी, एक सेवानिवृत्त और दो शिक्षक बन गए सहायक आचार्य

Patamda: पटमदा प्रखंड मध्य विद्यालय कमलपुर में पदस्थापित सहायक शिक्षक अश्विनी सोरेन के सेवानिवृत्त होने पर विद्यालय परिवार की ओर से सोमवार को विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। एक शिक्षक के सेवानिवृत्त होने एवं दो सहायक अध्यापकों के सहायक आचार्य बनने के बाद विद्यालय में 3 शिक्षकों का पद खाली हो गया और वर्तमान में सिर्फ 2 शिक्षक के भरोसे ही बच्चों की पढ़ाई की व्यवस्था है, इस पर अभिभावकों ने चिंता व्यक्त की है।
समारोह के दौरान बीआरपी के समक्ष मांग उठाई गई कि विद्यालय में अविलंब शिक्षकों की नियुक्ति की जाए। इससे पूर्व छात्राओं के द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई। अश्विनी बाबू के विद्यालय में कर्तव्य के प्रति ईमानदारी, मधुर स्वभाव और समर्पित भावना की चर्चा की गई। ग्राम प्रधान सह सेवानिवृत्त शिक्षक मदन चंद्र महतो ने कहा कि सेवा में आने वाले का सेवानिवृत होना एक परंपरा है, जिसका पालन हर किसी को करना ही है। सोरेन बाबू का शिक्षकों और छात्रों से हमेशा मधुर संबंध रहा। इनका विद्यालय से जाना हम सबों के लिए दुखदायी है। उपस्थित लोगों ने उनकी दीर्घायु और स्वस्थ्य जीवन की कामना की।
समारोह के दौरान प्रभारी प्रधानाध्यापक साबिर हुसैन, सहायक शिक्षक एवं अन्य विद्यालयों से आए शिक्षकगणों तथा गणमान्य लोगों द्वारा अश्विनी सोरेन को माला पहनाकर व शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन सीआरपी मनोरंजन गोराई ने किया। बीआरपी अवनी कुमार महंती के द्वारा उनके साथ वर्षों के कार्यानुभव को साझा किया। मौके पर सेवानिवृत्त शिक्षक भास्कर गोराई एवं मोहन दास, बीपीओ श्यामापद गोप, प्रबोध कुमार महतो, रामपद महतो, मजफ्फर जमाली, आफताब आलम, अख्तर हुसैन ,सहदेव दास, कृष्ण प्रसाद महतो, निभा रानी महतो, सुनील गोराई विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष, पूर्व अध्यक्ष संयोजिका सहित कई शिक्षक, गणमान्य लोग और छात्र- छात्राएं उपस्थित थे।






























