डीडीसी ने गोबरघुसी का दौरा कर योजनाओं के कार्यान्वयन की समीक्षा की
Patamda: जिला उपायुक्त के निर्देशानुसार गुरुवार को डीडीसी नागेन्द्र पासवान ने पटमदा की गोबरघुसी पंचायत के विभिन्न गांव का दौरा कर योजनाओं का निरीक्षण किया। डीडीसी ने आंगनबाड़ी केंद्र, विद्यालय, स्वास्थ्य उपकेन्द्र, जन वितरण प्रणाली दुकान, मनरेगा कार्यस्थल व पंचायत भवनों का निरीक्षण किया। डीडीसी द्वारा क्षेत्र भ्रमण के क्रम में गोबरघुसी के संथाल टोला में पीएम जनमन आवास योजना, अबुआ आवास एवं मनरेगा से संबंधित योजनाओं का भौतिक निरीक्षण किया गया।
इस दौरान उन्होने निर्माणाधीन आवास के कार्य में तेजी लाने हेतु मिस्त्री बढ़ाते हुए 10 दिनों के भीतर कार्य पूर्ण कराने के निर्देश पंचायत सचिव व प्रखंड समन्वयक, आवास योजना को दिया गया। विद्यालयों के निरीक्षण में नोडल पदाधिकारियों द्वारा उपायुक्त के नेतृत्व में शुरू की गई सिकुई- दिकुई अभियान की जानकारी गोबरघुसी स्कूल के छात्र-छात्राओं को दी गई। बोर्ड परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन हेतु मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन भी दिया गया। इस अभियान से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित मानकों के अनुरूप हो और लाभार्थियों को सुविधाएं समय पर एवं पारदर्शी तरीके से प्राप्त हों। इस मौके पर उनके साथ बीडीओ, सीडीपीओ, बीएओ समेत जिला एवं प्रखंड के अन्य अधिकारी मौजूद थे।





