डीसी के निर्देश के बाद रेस हुए अधिकारी, नए भवन में मॉडल स्कूल को शिफ्ट कराने की तैयारी
Patamda: उधार के भवन में चल रहा पटमदा के मॉडल स्कूल (इंग्लिश मीडियम) को अब अपना नया भवन मिलने की संभावना बढ़ गई है। स्थानीय समाजसेवी विश्वनाथ महतो की पहल पर जिले के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया है। यही वजह है कि गाड़ीग्राम मौजा में वर्षों से तैयार करीब 3 करोड़ के भवन में मॉडल स्कूल को शिफ्ट करने की प्रक्रिया तेज हो गई है।
मंगलवार को माध्यमिक शिक्षा विभाग के सहायक अभियंता राजकुमार प्रसाद सिन्हा, कनीय अभियंता केवी प्रभाकर, संवेदक के प्रतिनिधि अनिल कुमार तुलस्यान व मॉडल स्कूल की प्रधानाध्यापक स्नेहलता कुमारी के साथ बीडीओ शशि नीलिमा डुंगडुंग, सीओ डॉ. राजेंद्र कुमार दास ने बंद पड़े नए भवन का निरीक्षण किया। अंचलाधिकारी ने बताया कि 3 करोड़ 6 लाख की राशि से निर्मित भवन का हैंडओवर नहीं होने की वजह से पटमदा मध्य विद्यालय के तीन कमरों में मॉडल स्कूल का संचालन हो रहा है। संवेदक रमण किशोर ने पूछने पर निदेशक स्तर पर 21 लाख का बकाया होने की जानकारी दी गई है इसलिए रंग रोगन समेत कई छोटे -मोटे कार्य नहीं किए गए हैं। सीओ के अनुसार आगामी 31 जनवरी को प्रखंड कार्यालय में एक बैठक रखी गई है ताकि संवेदक और विभाग के बीच समन्वय बनाकर हैंडओवर की प्रक्रिया पूरी की जा सके।





