पटमदा में जोहार बिदु चांदान मार्शल माडवा ने पदयात्रा निकाल सिदो-कान्हु को दी श्रद्धांजलि, नक्सल प्रभावित मेघादह समेत कई जगहों पर मनाया गया हूल दिवस

Patamda: जोहार बिदु चांदान मार्शल माडवा सालबनी के बैनर तले हर साल की भांति इस साल भी हूल दिवस के अवसर पर सोमवार को संथाल समाज के लोगों ने पदयात्रा कर पटमदा में सिदो – कान्हु की मूर्ति पर माल्यार्पण करते हुए श्रद्धांजलि दी। इस दौरान पटमदा के विधायक प्रतिनिधि चन्द्रशेखर टुडू, जिला परिषद सदस्य प्रदीप बेसरा, मुखिया कानूराम बेसरा, क्लब के अध्यक्ष कालीराम सोरेन, प्रशांत हांसदा, सुशांत हांसदा, हाराधन हेंब्रम, छुटू हेंब्रम, विश्वजीत हेंब्रम, सिजेन हेंब्रम, भानु हेंब्रम समेत सैकड़ों लोग शामिल थे। इससे पूर्व लावा टोला सालबनी में सिदो – कान्हु की तस्वीर पर पूजा – अर्चना की गई। बारिश के बावजूद महिलाएं व बच्चों समेत काफी संख्या में लोगों ने सालबनी से रैली निकाल पटमदा बाजार तक पहुंचने के पश्चात सिदो-कान्हु की मूर्ति पर माल्यार्पण किया और वहां से लौटकर बेलटांड़ चौक स्थित भगवान बिरसा मुंडा व तिलका माझी की मूर्ति पर माल्यार्पण करने के पश्चात रैली पुनः सालबनी पहुंच कर समाप्त की गई।
दोपहर 3 बजे से बच्चों के बीच विभिन्न प्रकार की खेलकूद प्रतियोगिता व शाम 8 बजे से संगीत कार्यक्रम का आयोजन हुआ। जबकि रात साढ़े 10 बजे से छह टीमों के बीच संथाली ड्रामा प्रतियोगिता का आयोजन होगा। जिसमें पहला पुरस्कार 10 हजार, दूसरा 8 हजार, तीसरा व चौथा स्थान प्राप्त करने वाले दोनों टीमों को 6-6 हजार रुपए देकर मंगलवार सुबह पुरस्कृत किया जाएगा।

दूसरी ओर पटमदा प्रखंड की जोड़सा पंचायत अंतर्गत नक्सल प्रभावित मेघादह गांव के सिदो -कान्हू चौक पर सोमवार को माझी मड़ेहोड़ मेघादह के तत्वावधान में हूल दिवस मनाया गया। झामुमो कार्यकर्ता समच मांडी के नेतृत्व में गाजेबाजे के साथ आयोजित कार्यक्रम में नायके बाबा चारु मुर्मू ने सिदो- कान्हू के चित्र पर विधिवत पूजा – अर्चना करते हुए नमन किया। इसके बाद सभी लोगों ने बारी-बारी से पुष्प अर्पित करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस संबंध में शिक्षाविद् विक्रम टुडू ने बताया कि मेघादह गांव में हर साल हूल दिवस को उत्सव के रूप में मनाया जाता है। इस दौरान माझी बाबा छुटुलाल टुडू, विक्रम टुडू, चंदन सोरेन, दिलीप बास्के, बादल टुडू, तपन मुर्मू, भरत मुर्मू व सामंत मुर्मू आदि उपस्थित थे।
गोड़गोड़ा में दी गई हूल के नायकों को श्रद्धांजलि

Jamshedpur: आदिवासी बाजार समिति, गोड़गोड़ा, बालीगुमा की ओर से हूल दिवस के अवसर पर संथाल विद्रोह के नायक सिद्धू, कान्हू,चांद, भैरो, फूलो झानो को बाजार मैदान में याद किया गया।
सर्वप्रथम उपस्थित लोगों ने शहीद बेदी पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया। सामाजिक कार्यकर्ता मदन मोहन सोरेन ने कहा कि उनकी कुर्बानी को कभी भी नहीं भुलाया जा सकता है। अपना मान सम्मान, हक अधिकार, जल जंगल जमीन आदि के लिए उन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़ी। उन्होंने कहा कि उसी लड़ाई का परिणाम है कि आदिवासियों की भूमि संरक्षण के लिए संथाल परगना टेनेंसी एक्ट कानून को लागू करना पड़ा। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाला समय में इस बाजार मैदान में सिदो कान्हू की भव्य मूर्ति लगेगी। मौके पर सामाजिक कार्यकर्ता मदन मोहन सोरेन, माझी बाबा रमेश मुर्मू, पप्पू सोरेन, राखाल सोरेन, सनातन टुडू,सुरेश टुडू, कार्तिक मुर्मु, कृष्णा हांसदा, बिरहोत मार्डी,नवीन हांसदा, सोहराय टुडू,लुथु हो, रवि हो, सोनू टुडू,बुद्धिनाथ टुडू, बाजू टुडू, राजेश सोरेन आदि उपस्थित थे।





