विधायक संजीव सरदार की पहल पर प्रवासी महिला मजदूर का चेन्नई में बेहतर इलाज शुरू, राहत
Dumariya : पोटका विधायक संजीव सरदार की पहल पर गंभीर बीमारी से पीड़ित एक प्रवासी महिला मजदूर सुमिता मुर्मू का बेहतर इलाज चेन्नई के एक अस्पताल में शुरू हो गया है। इससे परिजनों को बड़ी राहत मिली है। बताते हैं कि पलाशबनी टोला राजाबासा निवासी सुमिता मुर्मू एक माह पूर्व काम के लिए चेन्नई गई थी। इस दौरान वह ब्रेन मलेरिया समेत अन्य गंभीर संक्रमण का शिकार हो गई।
उसके सहेलियों ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पैसों की कमी के कारण उसका इलाज बाधित हो रहा था। उसके परिजन सरकार मुर्मू व अन्य ने शुक्रवार सुबह को विधायक संजीव सरदार से मिलकर उसे वापस लाने की गुहार लगाई तो विधायक ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसके इलाज के लिए उपायुक्त व झारखंड सरकार के स्वास्थ्य विभाग को पत्र लिखा। इसके उपरांत उपायुक्त ने तत्काल संज्ञान लेते हुए चेन्नई प्रशासन से संपर्क स्थापित कर बेहतर इलाज शुरू कराया। परिजनों के मुताबिक पीड़ित युवती के हालात में सुधार हो रहा है। विगत तीन दिनों तक बेहोशी की हालत में रहने के उपरांत धीरे-धीरे होश आ रहा है। जिला प्रशासन की ओर से युवती के दो परिजनों को हवाई मार्ग से चेन्नई भेजने की व्यवस्था भी कर दी गई है। युवती के परिजनों ने विधायक की त्वरित पहल पर आभार जताया है।





