एसएस प्लस टू हाई स्कूल पटमदा में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ गणतंत्र दिवस समारोह
Patamda: 77 वें गणतंत्र दिवस के मौके पर सोमवार को राज्य संपोषित (एसएस) प्लस टू उच्च विद्यालय, पटमदा में गणतंत्र दिवस का पावन पर्व बड़े ही हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्राचार्य डॉ. मिथिलेश कुमार द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्रगान की गूंज से पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया।
इस अवसर पर स्काउट एवं गाइड के विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक परेड प्रस्तुत की गई, जिसने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावशाली मंच संचालन शिक्षिकाएं आशा कुमारी एवं स्वाति शर्मा ने किया। कार्यक्रम के दौरान सभी महापुरुषों के प्रेरणादायक नारे शिक्षिका डॉली डे द्वारा लगवाए गए, जिससे वातावरण और अधिक उत्साहपूर्ण हो गया। मौके पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ. मिथिलेश कुमार ने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को संविधान के मूल्यों, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रेरित किया। वहीं शिक्षिका संगीता दास द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीत ने सभी श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने भाषण एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से देशभक्ति की भावना को सशक्त रूप से प्रस्तुत किया। विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। गणतंत्र दिवस के अवसर पर विद्यालय की महिला कर्मचारी सरस्वती बास्के एवं सावित्री सिंह को उनके द्वारा विद्यालय के लिए किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान वरीय शिक्षिका डॉली डे एवं भारती कुमारी द्वारा प्रदान किया गया। वरीय शिक्षक सुबोध प्रसाद सिंह ने कहा कि ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से किए गए कार्य ही देश को विकसित बना सकते हैं। वहीं कौशलेंद्र कुमार सिंह ने अपने प्रेरणादायक भाषण में भारत के उत्तरोत्तर विकास की गाथा का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को इस विकास यात्रा का सक्रिय भागीदार बनने का संदेश दिया।
समारोह में विद्यालय के सभी शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी पूरे उत्साह के साथ शामिल हुए और राष्ट्रीय पर्व को धूमधाम से मनाया। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन शिक्षिका भारती कुमारी द्वारा किया गया। विद्यालय के स्काउट ने शारीरिक शिक्षा के शिक्षक महेश कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में गोपाल मैदान में परेड किया। इस दौरान संगीता दास (देश भक्ति गीत), मेघा महतो (भाषण), सुषमा सिंह (देश भक्ति गीत, बांग्ला में), स्काउट गाइड की छात्र-छात्राएं 9बी (देशभक्ति गीत), राधा रानी दास (नृत्य), अंकिता, गीता और शांति (नृत्य संथाली सॉन्ग), शुभंकर मल्लिक और उदय कुमार (शायरी और स्लोगन) पुरस्कृत किए गए।





