समाजसेवी विश्वनाथ महतो ने जनसमस्याओं को लेकर उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन
Patamda: समाजसेवी विश्वनाथ महतो ने पटमदा एवं बोड़ाम प्रखंड क्षेत्र से जुड़ी शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और भूमि संबंधी गंभीर जनसमस्याओं को लेकर जिले के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी को एक ज्ञापन सौंपकर त्वरित एवं ठोस कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया है कि झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय, बोड़ाम प्रखंड के ग्राम भूला में वर्षों से विद्यालय भवन अधूरा पड़ा हुआ है, जिससे छात्राओं को अपने ही प्रखंड में आवासीय शिक्षा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। भवन निर्माण शीघ्र पूर्ण कराने की मांग की गई है, ताकि बालिकाओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सके।
इसके साथ ही जिले के विभिन्न अंचलों में जमीन माफिया एवं भू-दलालों द्वारा सरकारी, सीएनटी एक्ट, वन भूमि तथा आदिवासियों की जमीन पर अवैध कब्जे का मामला भी उठाया गया। ज्ञापन में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने, अवैध रूप से हस्तांतरित जमीन की वापसी और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की गई है। पटमदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अल्ट्रासाउंड एवं एक्स-रे मशीनें उपलब्ध होने के बावजूद टेक्नीशियन के अभाव में संचालन ठप होने पर भी चिंता जताई गई। इससे गर्भवती महिलाओं एवं गंभीर मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत हुरूम्बिल से सामरजोबड़ा, गेरूवाला तक 7 किलोमीटर पथ सुदृढ़ीकरण कार्य एक वर्ष से अधिक समय से अधूरा रहने का मुद्दा भी उठाया गया। अधूरे मार्ग पर भारी वाहनों के परिचालन से दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।





