सालबनी से बांसतोला तक पक्की सड़क निर्माण को जमीन देंगे रैयत, दो गांव के लोगों की बैठक में बनी सहमति
Patamda: पटमदा प्रखंड अंतर्गत लावा टोला सालबनी से बांसतोला तक रैयती जमीन पर बनी करीब डेढ़ किमी कच्ची एवं जर्जर सड़क में पक्कीकरण निर्माण कार्य हेतु रविवार को दो गांव के लोगों की बैठक सालबनी में संपन्न हुई। माझी बाबा विभूति भूषण हांसदा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पटमदा के विधायक प्रतिनिधि चन्द्रशेखर टुडू उपस्थित रहे।
इस दौरान संयुक्त ग्राम सभा की ओर से निर्णय हुआ कि सड़क निर्माण हेतु सरकारी योजनाओं के लिए सभी रैयत अपनी जमीन दान में देंगे और किसी तरह की कोई आपत्ति नहीं करेंगे। बैठक में मुख्य रूप से जितुलाल मुर्मू, मोहन हेंब्रम, लखींद्र मुर्मू, सुकदेव मांडी, बिरसा हांसदा, रविन्द्र हेंब्रम, प्रधान हांसदा, शत्रुघ्न तंतुबाई, प्रदीप हांसदा व सुनील हांसदा आदि मौजूद थे। इस संबंध में विधायक प्रतिनिधि चन्द्रशेखर टुडू ने बताया कि जमीन संबंधी समस्याओं के कारण सालबनी से बांसतोला तक पक्कीकरण के तहत निर्माण कार्य संभव नहीं हो पा रहा था और वर्षों से कई गांवों के लोगों को घूम -घूम कर प्रखंड मुख्यालय एवं बाजार आवागमन करना पड़ता था। अब बैठक में बनी सहमति के बाद मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।





