राष्ट्रपति सुबह 10 बजे आएंगी जमशेदपुर, दो कार्यक्रम में होंगी शामिल

Jamshedpur : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु तीन दिवसीय झारखंड दौरे पर रविवार शाम करीब छह बजे रांची पहुंचीं। एयरपोर्ट पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार एवं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उनका स्वागत किया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सोमवार को जमशेदपुर के दो कार्यक्रमों में शामिल होंगीं। वे पहले करनडीह दिशोम जाहेर में आयोजित संथाली भाषा की ओल चिकी लिपि के अन्वेषण के शताब्दी वर्ष के समापन समारोह में शामिल होंगी।
राष्ट्रपति संताली लिपि एवं भाषा के विकास में योगदान देने वाले साहित्यकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को सम्मानित करेंगी। मुर्मू एनआईटी जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगीं। यहां 1,114 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। इस समारोह में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि जी महाराज को डीलिट प्रदान किया जाएगा। आरएसबी समूह के संस्थापक उद्योगपति आरके बेहरा को पीएचडी की मानद उपाधि प्रदान की जाएगी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता और चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं। सोनारी एयरपोर्ट से लेकर सर्किट हाउस और करनडीह से लेकर बिष्टूपुर खरकाई पुल तक करीब 100 मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की गई है। इनके साथ ही 2100 पुलिस कर्मियों को उनकी सुरक्षा में लगाया गया है। खास बात यह है कि दूसरे जिलों से भी पुलिस अधिकारी बुलाये गये हैं। सभी मजिस्ट्रेट को पुलिस कर्मियों के प्रभारी से समन्वय बनाकर कर्तव्य निर्वहन के लिए कहा गया है। सुबह से ही इनकी तैनाती हो जाएगी और राष्ट्रपति के 3.40 में लौटने के बावजूद शाम तक प्रतिनियुक्ति रहेगी। प्रशासनिक दृष्टिकोण से शहर को कई जोन और 10 सेक्टर में बांटा गया है।
जमशेदपुर के सवा सौ साल पुराने इतिहास में दूसरी बार राष्ट्रपति का आगमन हुआ है। इससे पूर्व डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम 21 अगस्त, 2007 को टाटा स्टील के कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी यहां किसी कार्यक्रम में पहली बार हिस्सा लेंगी। इससे पहले राष्ट्रपति रहते प्रणव मुखर्जी का कार्यक्रम बना था। वे टैगोर सोसाइटी के कार्यक्रम में आने वाले थे, परंतु उनका यह कार्यक्रम टल गया था। द्रौपदी मुर्मू झारखंड की राज्यपाल रहते कई बार जमशेदपुर पहुंचीं थीं। वे जमशेदपुर में आयोजित कार्यक्रमों में तो शामिल होने आती ही थीं, अपने पैतृक निवास रायरंगपुर जाने के क्रम में भी सर्किट हाउस में रुकती थीं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के सोमवार को जमशेदपुर में आयोजित कार्यक्रम के मद्देनजर पूरे धालभूम अनुमंडल को रविवार शाम 6 बजे से नो फ्लाइंग जोन घोषित कर दिया गया है। यह आदेश सोमवार की रात 10 बजे तक यानी 28 घंटे प्रभावी रहेगा। धालभूम के अनुमंडल पदाधिकारी चंद्रजीत सिंह के जारी आदेश के तहत रविवार शाम 6 बजे से ही जमशेदपुर के अलावा पोटका, पटमदा और बोड़ाम प्रखंडों में कोई भी ड्रोन, पैरा ग्लाइडर और हॉट एयर बैलून को उड़ाने पर प्रतिबंध रहेगा।
मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर पहुंचा : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का हेलीकॉप्टर रविवार को ही जमशेदपुर पहुंच गया। यह सोनारी एयरपोर्ट के बजाय जेआरडी स्पोट्स कॉम्प्लेक्स में अस्थायी हेलीपैड पर उतारा गया है। इसके कारण जेआरडी को सोमवार को बंद रखा गया है। इसकी आम सूचना जारी कर दी गई है। दरअसल मुख्यमंत्री सोमवार को रांची से राष्ट्रपति के साथ हेलीकॉप्टर से आएंगे, परंतु करनडीह में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वे रांची लौट जाएंगे।
राष्ट्रपति सोमवार की सुबह 10.10 में सोनारी एयरपोर्ट पर सेना के हेलीकॉप्टर से उतरेंगी। 10.20 में वहां से करनडीह के लिए निकलेंगी। 10.40 में करनडीह दिशोम जाहेर पहुंचेंगी। 11.45 में करनडीह से निकलेंगी, दोपहर 12 बजे सर्किट हाउस पहुंचेंगी। वहां भोजन व विश्राम के बाद 1.50 में एनआईटी आदित्यपुर के लिए रवाना होंगी। 2.05 में एनआईटी पहुंचेंगी और 3.10 में एनआईटी से रवानगी है। 3.30 में सोनारी एयरपोर्ट पहुंचने के बाद 3.40 में उनका हेलीकॉप्टर रांची के लिए उड़ान भरेगा




