द्वारीडीह ने रचा इतिहास: पहली बार नवोदय में चयन, विद्यालय में जश्न का माहौल
Patamda : उत्क्रमित मध्य विद्यालय द्वारीडीह के लिए यह दिन बेहद खास और गौरवपूर्ण बन गया, जब छात्र जयंतो कुमार सिंह ने जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा में 67वां रैंक हासिल करते हुए 83.75% अंक प्राप्त किए। इस शानदार सफलता से विद्यालय ही नहीं, बल्कि पूरे गांव में खुशी और गर्व की लहर दौड़ गई। जयंतो की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिसर में सादगीपूर्ण विदाई सह सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जहां छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने उसकी सफलता का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानाध्यापक सुखेंदु मांडी ने कहा कि जयंतो शुरू से ही मेधावी और अनुशासित छात्र रहा है। बिना किसी ट्यूशन के केवल विद्यालय और घर पर पढ़ाई कर उसने यह मुकाम हासिल किया, जो अन्य विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण है।
इस अवसर पर जयंतो के पिता धनंजय सिंह ने गांव और विद्यालय परिवार के बीच लड्डू बांटकर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने भावुक होकर बताया कि पिछले 10–15 वर्षों में इस क्षेत्र से कोई भी छात्र नवोदय विद्यालय में चयनित नहीं हुआ था, ऐसे में यह सफलता पूरे इलाके के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। वहीं, जयंतो की माता श्रीमती अन्नदा सिंह ने भी भावुक होकर अपनी खुशी व्यक्त की और इसे परिवार के लिए गर्व का क्षण बताया।
शिक्षक सरोज कुमार मंडल ने विद्यार्थियों को नियमित उपस्थिति और निरंतर अध्ययन का महत्व समझाते हुए कहा कि मेहनत, अनुशासन और लगन से ही सफलता मिलती है। वहीं, शिक्षक उज्ज्वल कांति दास ने कहा कि जयंतो की सफलता से अन्य विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ा है और अब वे नवोदय, नेतरहाट, एकलव्य विद्यालय सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के प्रति अधिक जागरूक हो रहे हैं।
कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक सुखेंदु कुमार मांडी, शिक्षक सरोज कुमार मंडल, उज्ज्वल कांति दास, पद्मा वाला सिंह, मुरारी कुमार वर्मा, आईसीटी शिक्षक बलराम तंतूबाई समेत कई गणमान्य लोग, अभिभावक एवं सैकड़ों विद्यार्थी उपस्थित रहे।






























