बोड़ाम में नहीं थम रहा चोरी का सिलसिला, डॉक्टर के घर से दो खस्सी और एक मुर्गा गायब

Patamda: बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत बारियादा गांव में मंगलवार देर रात चोरी की घटना सामने आई है। डॉ. ललित महतो के घर से चोरों ने दो खस्सी और एक मुर्गा चोरी कर लिया। घटना रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। डॉ. ललित महतो ने बताया कि रात करीब 11 बजे परिवार के सभी सदस्य खाना खाकर घर के दूसरे तल्ले पर सोने चले गए थे। नीचे के एक कमरे में दो खस्सी और एक मुर्गा रखा हुआ था, जहां दरवाजे पर ताला नहीं लगाया गया था।
करीब 1 बजे उनका बेटा संतोष महतो शादी समारोह से लौटकर घर पहुंचा और मुख्य गेट खुलवाने के लिए अपनी मां को आवाज दी। जब वे नीचे आईं तो सीढ़ी का दरवाजा बाहर से बंद मिला। इसके बाद संतोष महतो बाउंड्री पार कर अंदर पहुंचे और दरवाजा खोला। जांच करने पर पाया कि खस्सी वाले कमरे का दरवाजा खुला हुआ है और दोनों खस्सी व मुर्गा गायब हैं। साथ ही घर के पीछे का गेट भी खुला पाया गया। घटना के बाद परिवार वालों ने रात में और बुधवार सुबह आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन चोरी हुए पशुओं का कोई सुराग नहीं मिल सका। डॉ. महतो ने बताया कि चोरी हुए दोनों खस्सी और मुर्गा की अनुमानित कीमत करीब 35,000 रुपये है। उन्होंने बताया कि गुरुवार को बोड़ाम थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई जाएगी।





























