बांतोड़िया व लावा में धूमधाम से मनाया गया सरहुल, ग्राम देवता की आराधना में उमड़े श्रद्धालु
Patamda: पटमदा प्रखंड के लावा मुख्य सड़क किनारे तथा बेलटांड़ स्थित जाहेरथान में सरहुल पर्व बड़े श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सैकड़ों परिवारों ने ग्राम देवता की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। मन्नतें पूरी होने पर श्रद्धालुओं ने बकरे, मुर्गी, बत्तख एवं कबूतरों की बलि अर्पित की। लाया (पुजारी) मनोज सिंह ने विधिवत पूजा संपन्न कराई। इसी क्रम में लच्छीपुर पंचायत के बांतोड़िया मौजा स्थित टोटको नाला के समीप जाहेरथान में भी रविवार को सरहुल पर्व श्रद्धा के साथ मनाया गया। यहां लाया मोहन सिंह, सहयोगी अमित सिंह एवं गुरुचरण सिंह ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना कराई। बांतोड़िया के साथ-साथ जोड़सा, श्रीरामपुर और चुड़दा समेत आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु पहुंचे और ग्राम देवता के समक्ष मत्था टेककर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
ग्रामीण अनूप कुमार महतो ने बताया कि ग्राम देवता के समक्ष सच्चे मन से की गई प्रार्थना अवश्य फलदायी होती है। मन्नत पूरी होने पर कई महिलाएं टोटको नाला से दंडवत प्रणाम करते हुए जाहेरथान पहुंचीं और तीन बार देवस्थान की परिक्रमा कर श्रद्धा प्रकट की। पूजा के दौरान सैकड़ों श्रद्धालुओं ने बकरे, मुर्गा, बत्तख और कबूतर की बलि अर्पित की। देर शाम भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में अनूप कुमार महतो, आशुतोष महतो, बरुण महतो, सुकदेव भुईयां, राधा गोविंद सिंह, गोपाल गोराई, महादेव गोराई, कालीपद प्रमाणिक, भीम महतो और मलिंद्र महतो समेत कई ग्रामीणों का सराहनीय योगदान रहा।






























