पटमदा में जेएलकेएम का बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन कल, संगठन विस्तार पर रहेगा जोर
Patamda: प्रखंड अंतर्गत बिड़रा (डांगा) ग्राम संसद भवन में 14 अप्रैल यानी मंगलवार को प्रातः 11 बजे झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) द्वारा बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। यह सम्मेलन पटमदा प्रखंड कमेटी के तत्वावधान में आयोजित हो रहा है।
पार्टी के जिला प्रवक्ता सुब्रत महतो ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि झारखंड की दिशा और दशा में सकारात्मक परिवर्तन लाने के संकल्प के साथ यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। सम्मेलन में बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की भूमिका और गांव-गांव तक पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को पहुंचाने के लिए ठोस रणनीति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही संगठन के विस्तार और आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। इस अवसर पर पटमदा प्रखंड के सभी पंचायतों के बूथ स्तरीय कार्यकर्ता, पदाधिकारी और समर्थक बड़ी संख्या में शामिल होंगे। साथ ही जिला स्तर के पदाधिकारी और बोड़ाम प्रखंड के प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं से समय पर अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की गई है।






























