झारखंड के विकास को ऐतिहासिक गति: पंचायतों को ₹2254 करोड़ आवंटन पर सांसद बिद्युत बरण महतो ने जताया आभार
Jamshedpur: झारखंड के समग्र विकास और ग्रामीण सशक्तीकरण की दिशा में केंद्र सरकार की पहल को बड़ी उपलब्धि बताते हुए जमशेदपुर के सांसद बिद्युत बरण महतो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया है। सांसद महतो ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में झारखंड की 4345 पंचायतों के लिए ₹2254 करोड़ की राशि का आवंटन राज्य के इतिहास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। यह अब तक की सर्वाधिक वित्तीय सहायता है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे, स्वच्छता, पेयजल, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने में व्यापक मदद मिलेगी।
उन्होंने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार की “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” की नीति को रेखांकित करते हुए कहा कि विकास की रोशनी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है। आदिवासी बहुल राज्य झारखंड के लिए यह आर्थिक सहायता विकास को नई दिशा देगी। कहा कि इस राशि से पंचायत स्तर पर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन संभव होगा, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे ग्रामीण जीवन स्तर में व्यापक सुधार आएगा।
सांसद महतो ने झारखंडवासियों की ओर से प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से अपील की कि आवंटित राशि का पारदर्शी और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करें, ताकि इसका लाभ सीधे आम जनता तक पहुंचे।






























