बेटियों का दमदार प्रदर्शन: मैट्रिक रिजल्ट में पटमदा-बोड़ाम की छात्राओं का जलवा
Patamda: झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक), रांची द्वारा गुरुवार को घोषित मैट्रिक परीक्षा 2026 के परिणाम में पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा एवं बोड़ाम प्रखंड के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। अधिकांश स्कूलों का परिणाम बेहतर रहा, लेकिन इस बार बेटियों ने खास तौर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया। जिले की टॉप टेन सूची में शामिल आदिवासी हाई स्कूल, बोड़ाम की छात्रा अनामिका महतो ने 500 में से 485 अंक हासिल कर जिले में चौथा स्थान प्राप्त किया। वहीं, पटमदा प्रखंड के आदिवासी प्लस टू हाई स्कूल, बांगुड़दा की छात्रा प्रियंका गोप ने 480 अंक लाकर जिले में 9वां स्थान हासिल किया। दोनों प्रखंडों में बेटियों के इस शानदार प्रदर्शन से न केवल स्कूलों का मान बढ़ा है, बल्कि अभिभावकों और क्षेत्रवासियों के हौसले भी बुलंद हुए हैं। यह सफलता ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के बढ़ते स्तर और बेटियों की लगन का प्रतीक बनकर उभरी है।

अनामिका और प्रियंका दोनों ही बनना चाहती हैं डॉक्टर
आदिवासी उच्च विद्यालय, बोड़ाम की छात्रा अनामिका महतो ने मैट्रिक परीक्षा में 500 में से 485 अंक प्राप्त कर जिला टॉप-10 सूची में चौथा स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि के साथ ही उन्होंने न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे बोड़ाम प्रखंड का नाम रोशन किया है। अनामिका प्रखंड टॉपर भी बनी हैं। सुदूरवर्ती गांव बाघरा की रहने वाली अनामिका के पिता अंजन कुमार महतो कुईयानी मोड़ पर मोटरसाइकिल गैरेज चलाते हैं, जबकि माता सुभद्रा महतो गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद अनामिका ने अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया। अनामिका ने बताया कि उन्होंने घर पर नियमित रूप से प्रतिदिन लगभग 8 घंटे पढ़ाई की, जिसका परिणाम आज सामने है। वह आगे जमशेदपुर में रहकर एक अच्छे कॉलेज से बायो साइंस में इंटर की पढ़ाई करना चाहती हैं और भविष्य में डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना उनका सपना है। अपनी सफलता का श्रेय उन्होंने विद्यालय के प्रधानाध्यापक, सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं और अपने माता-पिता को दिया। उन्होंने कहा कि सभी का भरपूर सहयोग और मार्गदर्शन उन्हें लगातार मिलता रहा। अनामिका दो बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी हैं। उनके दादाजी नेपाल चंद्र महतो, जो सेवानिवृत्त प्राथमिक शिक्षक हैं, ने भी उनकी पढ़ाई में महत्वपूर्ण योगदान दिया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक मजनू अंसारी सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने अनामिका को इस शानदार सफलता पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

प्रियंका गोप के पिता जमशेदपुर में करते हैं मजदूरी
पटमदा प्रखंड के आदिवासी प्लस टू उच्च विद्यालय, बांगुड़दा की छात्रा प्रियंका गोप ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 500 में से 480 अंक हासिल कर न केवल विद्यालय टॉपर बनीं, बल्कि पूरे पटमदा प्रखंड में टॉप कर क्षेत्र का नाम रोशन किया। बांगुड़दा गांव के चिटाईडीह टोला की रहने वाली प्रियंका एक साधारण परिवार से आती हैं। उनके पिता तरुण गोप जमशेदपुर में एक कंपनी में मजदूरी करते हैं, जबकि माता दमयंती गोप गृहिणी हैं। दो भाई और एक बहन में सबसे बड़ी प्रियंका ने अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। प्रियंका ने बताया कि वह आगे बायो साइंस से इंटर की पढ़ाई करते हुए नीट की तैयारी करना चाहती हैं। उनका सपना है कि नीट में अच्छा रैंक लाकर एक प्रतिष्ठित मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई करें और डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करें। अपनी सफलता का राज बताते हुए प्रियंका ने कहा कि उन्होंने स्कूल और ट्यूशन के अलावा रोजाना करीब 6 घंटे नियमित अध्ययन किया। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय विद्यालय के शिक्षकों, ट्यूशन शिक्षकों अनाथ बंधु कुंभकार व गौतम कुंभकार और अपने परिवार को दिया, जिन्होंने हर कदम पर उनका साथ और मार्गदर्शन किया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुजीत कुमार सेठ सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने प्रियंका की इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।






























