उत्क्रमित उच्च विद्यालय चौरा में बाल संसद चुनाव लोकतांत्रिक तरीके से संपन्न
Patamda: उत्क्रमित उच्च विद्यालय चौरा में आज बाल संसद का चुनाव पूरी तरह लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। इस चुनाव में लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव की तर्ज पर सभी आवश्यक प्रक्रियाएं अपनाई गईं। नामांकन, चुनाव चिन्ह आवंटन, विद्यार्थियों द्वारा प्रचार-प्रसार और मतदान की प्रक्रिया को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराया गया। मतदान के लिए ईवीएम के रूप में मोबाइल आधारित व्यवस्था का उपयोग किया गया, जिससे छात्रों को आधुनिक तकनीक से भी अवगत कराया गया।
चुनाव के दौरान शिक्षकों ने पी1, पी2, पी3 एवं पीओ की भूमिका निभाते हुए पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और अनुशासित ढंग से पूरा कराया। परिणामस्वरूप कक्षा 10वीं के छात्र अजय कुमार बास्के विजयी घोषित हुए और उन्हें बाल संसद का प्रतिनिधि चुना गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाध्यापक नीतीश चंद्रवंशी ने की। इस आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। विशेष रूप से गोवर्धन महतो, डॉ. समीर कुमार, संतोष सिंह सरदार, काजल साहा, निर्मल चंद्र महतो, रमनी हांसदा, अंजली कुजूर, माया मांडी, दशरथ महतो एवं राजीव महतो की भूमिका सराहनीय रही।






























