बहरागोड़ा में सड़क विकास को बड़ी सौगात: 80 करोड़ से अधिक की परियोजना स्वीकृत
Jamshedpur: जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद बिद्युत बरण महतो के प्रयासों से बहरागोड़ा क्षेत्र में सड़क अवसंरचना को मजबूत करने के लिए 80 करोड़ से अधिक की महत्वपूर्ण परियोजना को स्वीकृति मिल गई है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग-18 (पूर्व में NH-33) पर फ्लाईओवर, अंडरपास और सर्विस रोड निर्माण के लिए लेटर ऑफ एक्सेप्टेंस (LOA) जारी किया गया है। इस परियोजना की कुल लागत ₹80,24,58,387 निर्धारित की गई है। निर्माण कार्य का जिम्मा मथुरा (उत्तर प्रदेश) की एस.आर. कंस्ट्रक्शन कंपनी को सौंपा गया है, जिसे तकनीकी और वित्तीय मूल्यांकन के बाद चयनित किया गया।
परियोजना के तहत फुलडुंगरी में लाइट व्हीकल अंडरपास (LVUP) तथा बहरागोड़ा बस स्टैंड/पीडब्ल्यूडी चौक के पास व्हीकल अंडरपास (VUP) का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग-43 और NH-18 के संगम स्थल पर एक फ्लाईओवर का निर्माण प्रस्तावित है। इन सभी स्थानों पर स्थानीय यातायात को सुगम बनाने के लिए सर्विस रोड भी विकसित किए जाएंगे।
एनएचएआई के जीएम (टेक्निकल) अजय गुप्ता द्वारा जारी निर्देश के अनुसार, संबंधित एजेंसी को 30 दिनों के भीतर ₹2.40 करोड़ की परफॉर्मेंस सिक्योरिटी और ₹7.73 करोड़ की अतिरिक्त सिक्योरिटी जमा करनी होगी। निर्धारित समयसीमा का पालन नहीं करने पर नियमानुसार कार्रवाई का प्रावधान भी रखा गया है।
सांसद बिद्युत बरण महतो ने इस स्वीकृति पर संतोष जताते हुए कहा कि बहरागोड़ा में बढ़ते यातायात दबाव, जाम और सड़क दुर्घटनाओं की समस्या को देखते हुए यह परियोजना बेहद जरूरी थी। उन्होंने विश्वास जताया कि इसके पूरा होने से आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित होगा, साथ ही व्यापार और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार के सहयोग से क्षेत्र में आधारभूत संरचना के विकास के लिए लगातार प्रयास जारी हैं और भविष्य में भी जनहित से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। परियोजना के पूर्ण होने के बाद बहरागोड़ा और आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था में व्यापक सुधार की उम्मीद है, जिससे आम लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।






























