स्टोन क्रशर के समर्थन में कांकु गांव के ग्रामीणों का प्रदर्शन, उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन
Jamshedpur: कांकु गांव में प्रस्तावित स्टोन क्रशर एवं खनन परियोजना के समर्थन में शनिवार को ग्रामीणों और रैयत परिवारों के एक गुट ने जिला मुख्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने उपायुक्त कार्यालय और जिला खनन कार्यालय के समक्ष करीब दो घंटे तक प्रदर्शन कर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की तथा उपायुक्त राजीव रंजन एवं जिला खनन पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों का कहना है कि कांकु एवं आसपास का क्षेत्र आर्थिक रूप से पिछड़ा है, जहां रोजगार के अवसरों की कमी के कारण बड़ी संख्या में युवाओं को पलायन करना पड़ता है। उनका मानना है कि प्रस्तावित स्टोन क्रशर और खनन उद्योग शुरू होने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और युवाओं को अपने क्षेत्र में ही काम मिल सकेगा। ज्ञापन में बताया गया कि 33 रैयत परिवारों ने उद्योग स्थापना के लिए अपनी जमीन उपलब्ध कराई है। ग्रामीणों के अनुसार परियोजना से रोजगार के साथ-साथ सड़क, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं का भी विस्तार होगा, जिससे स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलेगी।
प्रदर्शनकारी ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कुछ लोग निजी स्वार्थवश परियोजना का विरोध कर रहे हैं और विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से परियोजना को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने, स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने तथा उद्योग क्षेत्र तक पहुंच मार्ग और अन्य आधारभूत संरचनाओं के विकास की मांग की। प्रदर्शन में हरेसिंधु महतो, अतुल महतो, पुटूलाल महतो, अनिल महतो, जगदीश महतो, सहदेव महतो, काशीनाथ महतो और विद्युत महतो समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं भी शामिल थीं।



