खेजुरडीह पुलिया निर्माण में हो रही देरी पर जेएलकेएम ने उठाई आवाज, उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन
Patamda: पटमदा प्रखंड की कुमीर पंचायत अंतर्गत खेजुरडीह गांव में निर्माणाधीन पुलिया का कार्य लंबे समय से अधूरा रहने पर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) ने नाराजगी जताई है। पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर प्रधानमंत्री ग्राम सेतु योजना के तहत स्वीकृत पुलिया निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि कांकीडीह महुलतल से दांदुडीह मुख्य सड़क के बीच स्थित खेजुरडीह में पुलिया निर्माण का कार्य स्वीकृति मिलने के बाद शुरू तो हुआ, लेकिन निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बावजूद आज तक पूरा नहीं हो सका है। इससे क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जेएलकेएम के जिला प्रवक्ता सुब्रत महतो ने कहा कि बरसात के दिनों में अधूरी पुलिया के कारण सड़क पर जलजमाव और कीचड़ की स्थिति बन जाती है, जिससे विद्यार्थियों, किसानों और आम लोगों की आवाजाही प्रभावित होती है। साथ ही दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। ज्ञापन के माध्यम से उपायुक्त से मामले की जांच कर संबंधित विभाग एवं संवेदक को आवश्यक निर्देश देने तथा निर्माण कार्य को अविलंब पूरा कराने की मांग की गई, ताकि क्षेत्रवासियों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। ज्ञापन सौंपने वालों में जेएलकेएम के जिला प्रवक्ता सुब्रत महतो व फनी महतो, प्रखंड सचिव मृत्युंजय महतो, राजेश कुंभकार तथा साहेब राम महतो शामिल थे।



