बोड़ाम के चामीडीह में उत्पाद विभाग की छापेमारी, 50 बोतल बीयर के साथ एक गिरफ्तार
Patamda : अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्पाद विभाग ने सोमवार को बोड़ाम थाना क्षेत्र के चामीडीह गांव में छापेमारी कर 50 बोतल बीयर बरामद की। बरामद बीयर की बोतलों पर “फॉर सेल इन वेस्ट बंगाल ओनली” अंकित था। सहायक आयुक्त उत्पाद, जमशेदपुर के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान के दौरान छापेमारी दल ने मौके से शराब विक्रेता रंजीत गोप उर्फ पाटिया को गिरफ्तार कर लिया।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार आरोपी के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए जिले में इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।


