चन्द्रशेखर टुडू की बड़ी राजनीतिक छलांग: पंचायत अध्यक्ष से बने जिला संगठन सचिव
Jamshedpur: पटमदा प्रखंड के धाधकीडीह निवासी एवं विधायक प्रतिनिधि चन्द्रशेखर टुडू ने संगठनात्मक राजनीति में उल्लेखनीय प्रगति करते हुए एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) में महुलबना पंचायत अध्यक्ष के पद से सीधे जिला संगठन सचिव बनाए जाने को उनकी सक्रियता, कार्यकुशलता और जनस्वीकार्यता का परिणाम माना जा रहा है।
करीब 13 वर्षों से पार्टी संगठन से जुड़े टुडू ने जमीनी स्तर पर लगातार कार्य करते हुए अपनी अलग पहचान बनाई है। उनकी संगठन क्षमता और समर्पण को देखते हुए पार्टी की केंद्रीय समिति ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। वे जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी के करीबी सहयोगी माने जाते हैं और उनके साथ लंबे समय से संगठनात्मक एवं चुनावी कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। विशेष रूप से वर्ष 2019 और 2024 के विधानसभा चुनावों में जुगसलाई सीट से झामुमो प्रत्याशी मंगल कालिंदी की जीत में टुडू का योगदान महत्वपूर्ण रहा है। पटमदा और बोड़ाम प्रखंड में वे पार्टी के प्रमुख और प्रभावशाली चेहरों में गिने जाते हैं।
शैक्षणिक रूप से भी चन्द्रशेखर टुडू सशक्त पृष्ठभूमि रखते हैं। उन्होंने बीए, बीएड और एलएलबी की डिग्रियां हासिल की हैं। वर्तमान में वे विधायक प्रतिनिधि होने के साथ-साथ पटमदा डिग्री कॉलेज, जाल्ला के शासी निकाय में सचिव के रूप में भी कार्यरत हैं। शिक्षा के प्रति उनकी गहरी रुचि के कारण क्षेत्र के बुद्धिजीवी वर्ग में भी उनकी मजबूत पकड़ है। राज्य के मुख्यमंत्री सह झामुमो के केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत सोरेन से उनके बेहतर और सीधे संबंध भी उनकी राजनीतिक साख को मजबूत करते हैं। जिला संगठन सचिव के रूप में मनोनयन की खबर मिलते ही क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। पार्टी कार्यकर्ता, समर्थक और आम लोग उन्हें विभिन्न माध्यमों से बधाई दे रहे हैं। नई जिम्मेदारी मिलने पर चन्द्रशेखर टुडू ने कहा कि वे पार्टी नेतृत्व द्वारा जताए गए विश्वास पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे। वे इस जिम्मेदारी के लिए केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत सोरेन, महासचिव विनोद पांडे एवं विधायक मगंल कालिंदी का आभार व्यक्त किया है। उनका लक्ष्य पूरे जिले में युवा नेता विक्टर सोरेन के नेतृत्व में संगठन को और अधिक सशक्त, सक्रिय और जनोन्मुख बनाना है।




