पटमदा के गोलकाटा में ग्रामीणों की बैठक, पत्थर खनन से जुड़ी समस्याओं पर उठाई आवाज
Patamda: पटमदा प्रखंड अंतर्गत गोलकाटा गांव में गुरुवार को ग्रामीणों की एक बैठक राजेश कुंभकार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक जेएलकेएम के नेताओं एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में हुई। इस दौरान क्षेत्र में संचालित पत्थर खनन गतिविधियों से उत्पन्न विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा समाधान की मांग उठाई गई।
बैठक में ग्रामीणों ने बताया कि लगातार हो रही ब्लास्टिंग के कारण गांव के कई घरों में दरारें पड़ गई हैं और लोगों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की। ग्रामीणों ने खनन कंपनी द्वारा किए जा रहे पत्थर खनन कार्य के कारण गांव की सड़कों की बदहाल स्थिति पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना था कि भारी वाहनों के आवागमन से सड़कें जर्जर हो गई हैं, इसलिए कंपनी को सड़क निर्माण एवं मरम्मत की दिशा में पहल करनी चाहिए। बैठक में खनिज परिवहन में लगे वाहनों द्वारा ओवरलोडिंग किए जाने का मुद्दा भी उठाया गया। ग्रामीणों ने कहा कि ओवरलोड वाहनों के कारण सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। उन्होंने प्रशासन से अविलंब ओवरलोडिंग पर रोक लगाने की मांग की। इसके अलावा खनन क्षेत्र की समुचित घेराबंदी, बिजली कनेक्शन को नियमित करने तथा कंपनी द्वारा गांव की मूलभूत आवश्यकताओं एवं विकास कार्यों में सहयोग करने की मांग भी ग्रामीणों ने रखी। बैठक के बाद ग्रामीणों ने खनन स्थल और क्रशर मशीन क्षेत्र का निरीक्षण किया तथा वहां मौजूद समस्याओं का जायजा लिया। इस अवसर पर जेएलकेएम के केंद्रीय संगठन सचिव विनोद स्वांसी, मंगल करूवा, उज्ज्वल महतो, अमोद कुमार भगत, फुलचांद मुर्मू, निर्मल महतो, रामनाथ महतो, अशोक महतो व नितीश महतो समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।



