किसानों की समस्याओं को लेकर भाजपा का धरना, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
Patamda : भाजपा की ओर से बुधवार को जमशेदपुर महानगर के जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर पटमदा प्रखंड कार्यालय परिसर में एक दिवसीय धरना आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंत में राज्यपाल के नाम अंचल निरीक्षक अजय कुमार मुंडा को ज्ञापन सौंपकर हेमंत सरकार पर किसानों के साथ वादाखिलाफी और विश्वासघात का आरोप लगाया गया। ज्ञापन में कहा गया कि सरकार ने चुनाव पूर्व किसानों को धान का 3200 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य, मुफ्त बिजली, खाद-बीज व कृषि उपकरण उपलब्ध कराने समेत कई वादे किए थे, लेकिन अब तक उन्हें पूरा नहीं किया गया।
पूर्व मंत्री दुलाल भुईयां ने आरोप लगाया कि धान खरीद के बाद भी किसानों का करोड़ों रुपये बकाया है तथा खाद की कालाबाजारी से किसान परेशान हैं। साथ ही बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की गई। भाजपा ने धान का बकाया भुगतान, सिंचाई व्यवस्था सुदृढ़ करने, फसल बीमा योजना की बाधाएं दूर करने, किसानों को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा कृषि उपकरण व खाद-बीज समय पर उपलब्ध कराने की मांग उठाई। कार्यक्रम में पूर्व सांसद आभा महतो, भाजपा नेता अभय सिंह, नीरज कुमार सिंह, मनोज कुमार सिंह, दिनेश कुमार, सदानंद महतो, मुचीराम बाउरी, प्रदीप कुमार महतो, प्रदीप बेसरा, जितेंद्र राय, रेनू सिन्हा, संजीव कुमार, सानंद प्रधान, कृपसिंधु महतो, शांतनु मुखर्जी, संदीप कुमार मिश्रा, नीलू मछुआ, कृष्णपद सिंह, सनातन दास, मधुसूदन महतो, महावीर महतो, बिरेन महतो आदि भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।


