पटमदा सीएचसी में फाइलेरिया मरीजों के लिए दिव्यांगता प्रमाणपत्र शिविर, 117 लाभुकों को मिला प्रमाण पत्र
Patamda: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पटमदा में फाइलेरिया (हाथीपांव) से प्रभावित मरीजों के लिए दिव्यांगता प्रमाणपत्र निर्माण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 117 मरीजों का दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाया गया, जिससे उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं और सामाजिक सुरक्षा लाभों का लाभ मिल सकेगा। शिविर का उद्घाटन जिला वेक्टर जनित रोग पदाधिकारी डॉ. मृत्युंजय धावड़िया एवं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजीव सिंह ने किया।
अंचलाधिकारी सह प्रभारी बीडीओ डॉ. राजेंद्र कुमार दास ने शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की सराहना की तथा मच्छरजनित रोगों की रोकथाम के लिए जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया। शिविर में स्टेज-3 से स्टेज-7 तक के फाइलेरिया मरीजों की जांच कर ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. तापस दास ने प्रमाणपत्र जारी किया। पिरामल फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित इस शिविर को सफल बनाने में स्वास्थ्य विभाग एवं फाउंडेशन के कर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। अधिकारियों ने भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित करने की बात कही।



