पेनादा में तेल हल्दिया के साथ तीन दिवसीय चड़क मेला संपन्न
Patamda: बोड़ाम प्रखंड के पेनादा गांव में आयोजित तीन दिवसीय पारंपरिक चड़क मेला सोमवार को तेल हल्दिया कार्यक्रम के साथ संपन्न हो गया। मेले के दौरान धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी धूम रही। उपमुखिया पूर्ण महतो ने बताया कि मेले की शुरुआत शनिवार को जांगाल कार्यक्रम एवं भगवान शिव की आराधना के साथ हुई। इसके बाद रविवार की रात 11 बजे से भव्य छऊ नृत्य प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसने देर रात तक दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इसमें मानभूम छऊ नृत्य समिति, रघुनाथपुर (उस्ताद कार्तिक कर्मकार) और माझीहिड़ा यूनिवर्सल छऊ नृत्य एकेडमी (उस्ताद तपन कुमार महतो) के कलाकारों ने शानदार प्रस्तुति दी। पारंपरिक वेशभूषा, आकर्षक मुखौटे और दमदार नृत्य शैली ने लोगों का खूब मनोरंजन किया। कार्यक्रम को देखने के लिए हजारों की संख्या में ग्रामीण एवं आसपास के क्षेत्र के लोग पहुंचे थे। सोमवार को तेल हल्दिया कार्यक्रम के साथ विधिवत रूप से चड़क मेले का समापन हुआ। मेले के सफल आयोजन में युवाओं समेत ग्रामीणों एवं आयोजन समिति की सक्रिय भूमिका रही।


