शिव गांजन पूजा में झूम उठा बंगोई गांव, सांसद बिद्युत बरण महतो हुए शामिल
Patamda: बोड़ाम प्रखंड अंतर्गत बेलडीह पंचायत के बंगोई गांव में आयोजित शिव गांजन पूजा के पावन अवसर पर भव्य छऊ नृत्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जमशेदपुर सांसद बिद्युत बरण महतो शामिल हुए। कार्यक्रम में पहुंचने पर ग्रामीणों एवं पूजा समिति के सदस्यों ने सांसद का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। सांसद ने ग्रामीणों से मिले स्नेह, सम्मान और अपनत्व के लिए आभार जताया।
इस दौरान सांसद ने पूजा समिति के सदस्यों से मुलाकात कर आयोजन की भव्यता, अनुशासन और सांस्कृतिक प्रस्तुति की सराहना की। उन्होंने कहा कि छऊ नृत्य जैसी लोक कलाएं हमारी ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत की अमूल्य धरोहर हैं। यह केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज की पहचान और परंपराओं को जीवित रखने का सशक्त माध्यम है। इन लोक कलाओं को संरक्षित कर नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। सांसद ने कहा कि हमारी लोक संस्कृति, पारंपरिक कला और आस्था ही समाज की वास्तविक ताकत हैं। शिव पूजा के अवसर पर पूरे क्षेत्र में भक्ति, श्रद्धा और उत्सव का अद्भुत माहौल देखने को मिला, जो सामाजिक एकता और सांस्कृतिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना करते हुए कोल्हान क्षेत्र की सुख-समृद्धि, लोक कलाकारों के उज्ज्वल भविष्य तथा जनमानस के खुशहाल जीवन की कामना की। साथ ही आयोजन से जुड़े सभी श्रद्धालुओं, कलाकारों और ग्रामवासियों को शुभकामनाएं दीं।


