प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर ने दिवंगत पत्रकार मृत्युंजय सिंह को दी श्रद्धांजलि, परिजनों की सहायता के लिए बढ़े मदद के हाथ
Jamshedpur : प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर की ओर से बुधवार को क्लब परिसर में शोकसभा आयोजित कर मुसाबनी के दिवंगत पत्रकार मृत्युंजय सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान पत्रकारों ने उनके व्यक्तित्व, कृतित्व और पत्रकारिता जगत में उनके योगदान को याद करते हुए दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। श्रद्धांजलि सभा की अध्यक्षता प्रेस क्लब के अध्यक्ष मनोज सिंह ने की, जबकि संचालन महासचिव विनय पूर्ति ने किया। वरिष्ठ पत्रकार अरुण सिंह ने स्व. मृत्युंजय सिंह के जीवन और पत्रकारिता यात्रा पर प्रकाश डालते हुए उन्हें समर्पित एवं जुझारू पत्रकार बताया।
सभा को संबोधित करते हुए प्रेस क्लब के संस्थापक अध्यक्ष ब्रजेश सिंह, संरक्षक देवानंद सिंह, वरिष्ठ पत्रकार वीरेंद्र सिंह तथा मो. अकबर ने शोकाकुल परिवार की सहायता के लिए सभी पत्रकारों से आगे आने का आह्वान किया। अध्यक्ष मनोज सिंह ने भी सदस्यों से स्वेच्छा से आर्थिक सहयोग देने की अपील की, ताकि परिजनों को तत्काल राहत पहुंचाई जा सके। साथ ही उनकी पुत्री की शिक्षा एवं परिवार के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता दिलाने की पहल करने का भी संकल्प लिया गया। शोकसभा में पूर्व अध्यक्ष प्रशांत सिंह पुतुल, दशमत सोरेन, संजय सरदार, रत्नेश तिवारी, नानक सिंह, नागेंद्र शर्मा, अनूप गुप्ता, संतोष कुमार पासवान, मुजतबा हैदर रिजवी, कल्याण कुमार गोराई, सुदर्शन शर्मा, अनवर, रोहित कुमार, प्रसेनजीत सिंह, भोला प्रसाद, रंजीत ओझा, सुमन झा, सरफराज गोलू, प्रतीक पीयूष, चाणक्य शाह, मधु सिंह, जावेद आलम, राज भगत समेत बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित थे।
इस संबंध में गुरुवार को जानकारी दी गई कि दिवंगत पत्रकार के परिवार की सहायता के लिए कई पत्रकारों ने ऑनलाइन माध्यम से आर्थिक सहयोग देना शुरू कर दिया है। अब तक हजारों रुपए की राशि एकत्रित हो चुकी है और यह अभियान जारी है। एकत्रित राशि शीघ्र ही प्रेस क्लब की ओर से उनकी पत्नी को सौंप दी जाएगी। गौरतलब है कि दैनिक भास्कर के वरीय पत्रकार मृत्युंजय सिंह (46) का गत शनिवार सुबह करंट लगने से असामयिक निधन हो गया था। उनके निधन से पत्रकारिता जगत में शोक की लहर है।



