पटमदा में श्रद्धापूर्वक पूजी गईं मां विपदतारिणी, मंदिरों में उमड़ी भीड़

Patamda: परिवार को विपदाओं से मुक्त रखने हेतु शनिवार को पटमदा व बोड़ाम प्रखंड के विभिन्न गांवों में स्थित देवी मां के मंदिरों में हजारों की संख्या में व्रती महिलाओं ने भक्ति भाव के साथ माता विपदतारिणी की आराधना की। इस दौरान 13 प्रकार के फल, फूल व मिठाईयों का भोग लगाकर मां की पूजा-अर्चना की गई। पूजा को लेकर एक दिन पूर्व से ही बाजारों में चहल-पहल देखी गई।

पटमदा के जोड़सा, बांसगढ़, लावा, बेलटांड़, काटिन, पटमदा बाजार, काश्मार, माचा व बोड़ाम के सुसनी, बंगई, दिघी, लावजोड़ा, लायलम आदि गांवों में महिलाओं ने विपदतारिणी देवी की पूजा अर्चना की। बेलटांड़ स्थित श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा मंदिर व जोड़सा गांव के सेवानिवृत शिक्षक सुकदेव कुंभकार के आवास परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। इस दौरान पुरोहितों ने मां विपदतारिणी की कथा सुनायी व पूजा की महत्ता बताई। मालूम हो कि रथ यात्रा के बाद अगले शनिवार व मंगलवार को मां विपदतारिणी की पूजा-अर्चना की जाती है। माना जाता है कि इस पूजा से घर परिवार पर आने वाले संकट टल जाते हैं। यह पूजा घर की माताएं करती हैं। पूजा के बाद लोगों के बीच प्रसाद वितरण किया गया।





