पहले ही प्रयास में नीट क्वालिफाई कर पंकज टुडू ने बढ़ाया ईचागढ़ का मान
Chandil : ईचागढ़ प्रखंड के सुदूरवर्ती गांव काठघोरा के छात्र पंकज टुडू ने पहले ही प्रयास में नीट (यूजी)-2026 परीक्षा उत्तीर्ण कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने 720 में से 443 अंक प्राप्त किए हैं। उनकी ऑल इंडिया रैंक 1,79,440 तथा अनुसूचित जनजाति श्रेणी रैंक 3,275 है। पंकज टुडू, काठघोरा निवासी राशन डीलर एवं समाजसेवी रंजीत टुडू तथा पूर्व प्रमुख आलोमनी देवी के पुत्र हैं।
उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय, सिजुलता (सरायकेला-खरसावां) से पूरी की। इसके बाद 11वीं और 12वीं की पढ़ाई जवाहर नवोदय विद्यालय, राजगीर (बिहार) से की। इसी वर्ष इंटरमीडिएट उत्तीर्ण करने के साथ उन्होंने पहले ही प्रयास में नीट परीक्षा में सफलता हासिल की। सुदूर ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त करना पंकज की मेहनत, लगन और अनुशासन का परिणाम है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ पूरे ईचागढ़ क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। लोगों का कहना है कि पंकज की सफलता क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी और उन्हें बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रोत्साहित करेगी।


