शुमान सुरक्षा एवं रक्षा मंच में भारतीय दल का नेतृत्व कर रहे रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ
Jamshedpur : केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ 17 और 18 नवंबर को बेल्जियम की राजधानी ब्रसेल्स में आयोजित यूरोपीय संघ के प्रतिष्ठित शुमान सुरक्षा एवं रक्षा मंच में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। इस दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में यूरोपीय संघ के 85 से अधिक साझेदार देशों के प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। सम्मेलन में भाग लेने के लिए संजय सेठ रवाना हो चुके हैं। यात्रा के क्रम में स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख पहुंचने पर रक्षा सलाहकार ब्रिगेडियर अक्षय कपूर और बर्न स्थित भारतीय दूतावास के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। प्रतिनिधिमंडल में पटमदा के बांगुड़दा निवासी राज्यसभा के उप सचिव सह वर्तमान में रक्षा राज्य मंत्री के पीएस उज्ज्वल कुमार भी शामिल हैं।
यूरोपीय संघ की विदेश कार्रवाई सेवा (ईईएएस) की मेजबानी में आयोजित इस मंच पर वैश्विक सुरक्षा, रक्षा सहयोग और अंतरराष्ट्रीय रणनीतिक साझेदारी से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श होगा। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की सक्रिय भागीदारी को रक्षा सहयोग और कूटनीतिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।











