रास पूर्णिमा पर राधा गोविंद नाम संकीर्तन से धूसरा में भक्तिमय हुआ माहौल
Patamda : पटमदा प्रखंड के धूसरा स्थित श्रीश्री सार्वजनिक राधा-गोविंद मंदिर (प्रसन्न किरण आश्रम) में रास पूर्णिमा के अवसर पर स्थानीय ग्राम कमेटी की ओर से पारंपरिक राधा-गोविंद अखंड नाम संकीर्तन का आयोजन किया गया। मंगलवार को कुंवारी कन्याओं द्वारा जलाभिषेक के साथ संकीर्तन का शुभारंभ हुआ। बुधवार सुबह घट विसर्जन के साथ अनुष्ठान का समापन होगा। इस धार्मिक आयोजन में पांच कीर्तन मंडलियां भाग ले रही हैं। इनमें युधिष्ठिर दास की (मुकरूडीह), निताई गौर हरिनाम संकीर्तन (सुंदरपुर), जयदेव दास (जबला, बांकुड़ा), बागाखुलिया महिला हरिनाम संकीर्तन (रायपुर, बांकुड़ा) तथा पारबाद महिला संकीर्तन संप्रदाय (बांदोवान) शामिल हैं। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया है।
वहीं, श्रद्धालुओं के लिए कमेटी की ओर से दोपहर में भोग एवं महाप्रसाद की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम के सफल संचालन में मुखिया सह ग्राम प्रधान गंगाधर सिंह, हरिहर सिंह, चंदन सिंह, गोविंद सिंह, मधु सहिस, मंगल सिंह, महेश्वर सिंह, धीरेन सिंह, गणेश सिंह, करण सिंह, ब्रजेंद्र नाथ कर्मकार, कार्तिक सिंह, सुरेश सिंह एवं रथी सिंह सहित अन्य ग्रामीण का योगदान रहा।











