एसएस +2 विद्यालय में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित
Patamda: झारखंड स्थापना दिवस पर सोमवार को एसएस +2 उच्च विद्यालय, पटमदा में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने नृत्य, गीत और कविता पाठ के माध्यम से झारखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति एवं परंपराओं की आकर्षक प्रस्तुति दी। बालिका समूह में आशा कुंभकार, मीरा सिंह, सोनामणि मुर्मू, देवी गोराई व संगीता ने नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं सोमाय बेसरा, योगेश्वर, सोमलाल, सुफल व रोहित सोरेन के बालक समूह ने सामूहिक नृत्य से दर्शकों का मन मोह लिया। सुषमा सिंह ने कविता पाठ और संगीता दास ने गीत प्रस्तुत किया।
मौके पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ. मिथिलेश कुमार ने विद्यार्थियों को झारखंड के गौरवशाली इतिहास, जनजातीय संस्कृति और महापुरुषों के योगदान से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने के साथ उन्हें अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ते हैं। कार्यक्रम में सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों का सराहनीय सहयोग रहा।











