दुबई में परचम लहराकर लौटा पटमदा का लाल, परिमल ने जीते पांच पदक, हुआ भव्य स्वागत
एशियन ओपन बायथल, ट्रायथल और लेजर रन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन
Patamda : पूर्वी सिंहभूम के सुदूरवर्ती पटमदा प्रखंड के कुमीर गांव निवासी 13 वर्षीय परिमल महतो ने अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर देश और राज्य का नाम रोशन किया है। दुबई में आयोजित एशियन ओपन बायथल, ट्रायथल एवं लेजर रन प्रतियोगिता में परिमल ने विभिन्न स्पर्धाओं में कुल पांच पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। जमशेदपुर के टैगोर एकेडमी में आठवीं कक्षा के छात्र परिमल ने बायथल टीम स्पर्धा में दो स्वर्ण और व्यक्तिगत स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया। वहीं, ट्रायथल टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने के साथ लेजर रन की टीम एवं व्यक्तिगत स्पर्धा में दो रजत पदक अपने नाम किए।
परिमल के पिता रामपद महतो पटमदा के प्राथमिक विद्यालय घाघराघाट में शिक्षक हैं, जबकि माता सरस्वती महतो जमशेदपुर के नरभेराम हंसराज गुजराती मध्य विद्यालय में शिक्षिका हैं। उनके नाना रमानाथ महतो सेवानिवृत्त शिक्षक हैं और बड़े पिताजी ज्योतिंद्र नाथ महतो फाइन आर्ट के शिक्षक हैं। परिवार में शिक्षा और अनुशासन के माहौल ने परिमल को आगे बढ़ने की प्रेरणा दी है। परिमल के स्विमिंग कोच युवराज पटेल (जेआरडी) ने बताया कि वह खेल के प्रति बेहद समर्पित हैं। नियमित अभ्यास, एकाग्रता और अनुशासन उनकी सबसे बड़ी ताकत है। दुबई में शानदार सफलता हासिल कर पैतृक गांव कुमीर लौटने पर परिमल का बेलटांड़ और काटिन चौक में ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने जोरदार स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और विजय जुलूस के साथ ग्रामीणों ने युवा चैंपियन का अभिनंदन किया।
इस दौरान पूरे इलाके में उत्साह का माहौल रहा। स्वागत समारोह में जिला पार्षद प्रदीप बेसरा एवं समाजसेवी सुनील वरण महतो, ग्राम प्रधान मृत्युंजय महतो, शिक्षक प्रबोध कुमार महतो, बासुदेव महतो, सेवानिवृत्त शिक्षक छुटुलाल महतो, श्याम सुंदर महतो, राजाराम महतो, साहेबराम महतो, सुबोध कुमार महतो, सतीश महतो, रवि महतो, गौतम सहित परिमल के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।











