पूर्वी सिंहभूम में बनेंगी 1,400 किमी ग्रामीण सड़कें, झारखंड में 12,500 किमी का लक्ष्य
Ranchi : झारखंड के ग्रामीण इलाकों में सड़क कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए राज्य सरकार ने बड़ी पहल की है। वीबी-जी राम जी योजना के तहत राज्य के सभी 24 जिलों में कुल 12,500 किलोमीटर जीएसबी (ग्रेन्युलर सब-बेस) सड़कों के निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के नेतृत्व में विभाग ने सड़क सुविधा से वंचित ग्रामीण बसावटों को प्राथमिकता देने की तैयारी की है।
इस योजना के तहत खासकर उन गांवों को सड़क नेटवर्क से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा, जिन्हें प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत सड़क निर्माण की स्वीकृति नहीं मिल पाई है। जिलेवार लक्ष्य में पूर्वी सिंहभूम को सबसे अधिक 1,400 किलोमीटर सड़क निर्माण की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, पलामू में 1,100, गढ़वा में 1,000, चतरा में 850 और लातेहार में 800 किलोमीटर सड़क बनाने का लक्ष्य है। रांची और पाकुड़ में 300-300 किलोमीटर सड़कें प्रस्तावित हैं।
किसानों को बाजार तक पहुंचने में होगी आसानी
मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि गांवों को बेहतर सड़क सुविधा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। सड़क संपर्क बेहतर होने से किसानों को सब्जियां, फल, लघु वनोपज और अन्य कृषि उत्पाद बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी। इससे परिवहन लागत और समय की बचत होगी। साथ ही ग्रामीण परिवारों के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर भी पैदा होंगे। मंत्री ने अधिकारियों को सड़क निर्माण में गुणवत्ता, पारदर्शिता और निर्धारित तकनीकी मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। सरकार का जोर टिकाऊ सड़कों के निर्माण पर है, ताकि दूरदराज के गांवों को शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाओं से बेहतर तरीके से जोड़ा जा सके। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
#साभार: खबर मंत्र











