एमबीएनएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में संविधान दिवस पर विद्यार्थियों ने ली संविधान की रक्षा का संकल्प
Jamshedpur : एमबीएनएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में गुरुवार को संविधान दिवस उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर एमबीएनएस इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन की एनएसएस इकाई-I और एमबीएनएस इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग की एनएसएस इकाई-II के संयुक्त तत्वावधान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। समारोह में संस्थान की निदेशक अनुपा सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक रूप से भारतीय संविधान की प्रस्तावना के वाचन और संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ से हुई। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए निदेशक अनुपा सिंह ने कहा कि संविधान केवल एक ग्रंथ नहीं, बल्कि हमारे अधिकारों और कर्तव्यों का मार्गदर्शक है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के संवैधानिक मूल्यों को जीवन में आत्मसात करें और एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में संवैधानिक जागरूकता बढ़ाने के लिए युवा संसद, प्रश्नोत्तरी, वाद-विवाद और शपथ ग्रहण जैसी प्रतियोगिताओं व गतिविधियों का आयोजन किया गया। वक्ताओं और प्रतिभागियों ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान को नमन करते हुए उनके विचारों को आगे बढ़ाने की बात कही। आयोजन में दोनों संस्थानों के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं और एनएसएस स्वयंसेवक बड़ी संख्या में शामिल हुए। अंत में सभी ने संविधान के आदर्शों के सम्मान और संरक्षण का संकल्प लिया।











