आंडा गांव में जंगली हाथी का उत्पात, घर तोड़ा, परिवार बाल-बाल बचा
Chandil : चांडिल वन क्षेत्र के आंडा गांव में रविवार दोपहर करीब तीन बजे एक जंगली हाथी ने गांव में घुसकर जमकर उत्पात मचाया। हाथी ने ग्रामीण रघुनाथ सिंह के घर को क्षतिग्रस्त कर दिया। हाथी के गांव में प्रवेश करते ही ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
हाथी ने रघुनाथ सिंह के घर की दीवार समेत अन्य हिस्सों को नुकसान पहुंचाया। घटना के समय घर में मौजूद परिवार के सदस्य किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, हालांकि मकान को काफी क्षति पहुंची है।
घटना की सूचना वन विभाग को दे दी गई है। ग्रामीणों ने प्रभावित परिवार को शीघ्र मुआवजा देने के साथ-साथ क्षेत्र में जंगली हाथियों के लगातार गांवों में प्रवेश की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि हाथी दिखाई देने पर उसके पास जाने या उसे छेड़ने का प्रयास न करें। सुरक्षित दूरी बनाए रखें और तत्काल विभाग को सूचना दें, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।


