आजसू के संघर्ष और विचारधारा को कोई संगठन छू नहीं सकता : मंगल टुडू
Jamshedpur : अखिल झारखंड अनुसूचित जनजाति महासभा, पूर्वी सिंहभूम के जिलाध्यक्ष मंगल टुडू ने कहा कि झारखंड की राजनीति में आजसू पार्टी के संघर्ष, त्याग और आंदोलन की अपनी अलग पहचान है। पार्टी ने युवाओं, मजदूरों, किसानों और आदिवासी-मूलवासी समाज के अधिकारों को लेकर लंबे समय तक सड़क से सदन तक संघर्ष किया है। उन्होंने कहा कि आजसू के संघर्ष और विचारधारा को केवल नारेबाजी के जरिए कोई संगठन नहीं छू सकता। मंगल टुडू ने कहा कि आजसू केवल चुनाव लड़ने वाला राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि संघर्ष और जनसरोकार से जुड़ा आंदोलन है। रोजगार, स्थानीय नीति, शिक्षा, विस्थापन, आदिवासी-मूलवासी अधिकार तथा जल, जंगल और जमीन जैसे मुद्दों को लेकर पार्टी लगातार आवाज उठाती रही है। विपरीत परिस्थितियों में कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि कई लोग विधायक और सांसद बनने की महत्वाकांक्षा लेकर आजसू में आते हैं, लेकिन केवल चुनाव लड़ने या पद हासिल करने से कोई व्यक्ति संगठन की विचारधारा और संघर्ष का हिस्सा नहीं बन जाता। इसके लिए जमीन पर काम करना और जनता के मुद्दों के लिए संघर्ष करना जरूरी है। पद और चुनाव आते-जाते हैं, लेकिन संगठन की विचारधारा और कार्यकर्ताओं का समर्पण कायम रहता है। मंगल टुडू ने कहा कि आजसू किसी व्यक्ति विशेष की पार्टी नहीं, बल्कि संघर्षशील कार्यकर्ताओं का संगठन है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के अधिकार, युवाओं को रोजगार, शिक्षा, स्थानीय हित और सामाजिक सम्मान के मुद्दों पर महासभा आगे भी मजबूती से संघर्ष करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने की अपील करते हुए कहा कि पद से बड़ा संगठन और संगठन से बड़ा जनता का विश्वास है।




