भाजपा-कांग्रेस की पत्थरबाजी लोकतंत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण : सुब्रत महतो
Jamshedpur : जमशेदपुर में सोमवार को भाजपा और कांग्रेस के बीच हुई पत्थरबाजी की घटना की झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के पूर्वी सिंहभूम जिला वरीय उपाध्यक्ष सुब्रत महतो ने कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हिंसा और पत्थरबाजी के लिए कोई जगह नहीं है। राजनीतिक दलों को आपसी टकराव छोड़कर जनहित के मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए।
सुब्रत महतो ने सवाल उठाया कि आखिर क्या यही लोकतंत्र है? उन्होंने कहा कि एक ओर भाजपा खुद को दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बताती है, वहीं कांग्रेस दशकों तक देश की सत्ता में रही है और वर्तमान में प्रमुख विपक्षी दल है। ऐसे में जब देश के बड़े राजनीतिक दल ही लोकतांत्रिक मर्यादाओं को भूलकर हिंसा और टकराव का रास्ता अपनाते हैं, तो आम जनता किससे उम्मीद करेगी? उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत विचारों, संवाद और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने में है। राजनीतिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन उन्हें हिंसा में बदलना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। राजनीति का उद्देश्य जनता की सेवा करना और समाज में शांति, सद्भाव व भाईचारा बनाए रखना होना चाहिए।
सुब्रत ने राजनीतिक दलों से अपनी जिम्मेदारी समझने और लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि राजनीति जनसेवा का माध्यम बने, हिंसा का नहीं। मतभेदों के बावजूद आपसी सम्मान और संवाद बनाए रखना ही स्वस्थ लोकतंत्र की पहचान है।




