चौका में सड़क हादसे का शिकार हुआ पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा का काफिला, बाल-बाल बचे

एनएच-33 पर बड़हमटांड़ के समीप अनियंत्रित वाहन ने काफिले की गाड़ी को मारी टक्कर, क्षतिग्रस्त हुई पूर्व मुख्यमंत्री की गाड़ी
Chandil: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा शुक्रवार की शाम सड़क दुर्घटना में बाल-बाल बच गए। घटना शाम करीब छह बजे की है। वे रांची से जमशेदपुर आ रहे थे। इसी दौरान चौका थाना क्षेत्र के बड़ामटांड़ के समीप एनएच-33 पर उनके काफिले की एक गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, एक अनियंत्रित वाहन ने उनके काफिले की गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अर्जुन मुंडा की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, राहत की बात रही कि इस दुर्घटना में पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा पूरी तरह सुरक्षित हैं।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय भाजपा नेता आकाश महतो घटनास्थल पर पहुंचे और अर्जुन मुंडा का हालचाल जाना। दुर्घटना के बाद उनके समर्थकों और शुभचिंतकों ने राहत की सांस ली।












