पटमदा की विद्युत समस्याओं को लेकर जीएम से मिले जिला पार्षद खगेन महतो
Patamda: जिला परिषद सदस्य खगेन चंद्र महतो ने मंगलवार को पटमदा क्षेत्र के विभिन्न गांवों की विद्युत समस्याओं को लेकर जमशेदपुर के विद्युत महाप्रबंधक (जीएम) से मिलकर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों आंधी-तूफान एवं बारिश की वजह से कई गांवों में बिजली के तार खराब हो जाने से बार-बार पावर कट का सामना करना पड़ रहा है। खासकर बरसात के इस मौसम में पटमदा के लोगों को अंधेरे में जहरीले पदार्थों के काटने का डर बना रहता है। उन्होंने कमलपुर थाना क्षेत्र के दांदूडीह गांव में 25 केवी के बदले 63 केवी, रांगाटांड़ में पेट्रोल पंप के पास 63 केवी और राखडीह में 100 केवी का नया ट्रांसफॉर्मर लगवाने की मांग भी की। इसके अलावा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में राज्य सरकार के द्वारा बिजली बिल माफी योजना के तहत उपभोक्ताओं का बकाया माफ करने के बावजूद कुछ लोगों को 28 हजार तक का बिल भेजा गया है, जिससे उन लोग डरे सहमे हुए हैं। उन्होंने इस मामले की जांच कराते हुए आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया।
मौके पर उनके साथ राजू सामंत, छोटे सरदार, मनोज चौरसिया, पूर्णिमा पाल व रूपम सिंह आदि शामिल थे। इस संबंध में जिला परिषद सदस्य सहविद्युत विभाग के चेयरमैन खगेन चंद्र महतो ने बताया कि जीएम ने जल्द ही समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया है।





