कीचड़ से सनी मोहनपुर-शुक्ला सड़क पर दुर्घटना का शिकार हो रहे लोग
Patamda: बोड़ाम प्रखंड के मोहनपुर गांव से शुक्ला जाने वाली ग्रामीण सड़क लगातार बारिश के कारण कीचड़मय हो चुकी है। पिछले कई वर्षों पूर्व यह सड़क जर्जर होने के कारण असुविधा के बीच ही लोग आवागमन कर रहे थे। लेकिन शुक्ला एवं मोहनपुर गांव में बारिश का पानी निकलने का रास्ता नहीं होने की वजह से सड़क पर ही जमा हो जाता है और फिसलन की स्थिति पैदा होने से रोजाना कोई न कोई बाइक सवार गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
मोहनपुर गांव निवासी गोपाल महतो ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों से यह रास्ता बारिश के मौसम में कीचड़मय हो जाता है। सड़क पर कालीकरण के दौरान डाली गई अलकतरा युक्त मैटेरियल उखड़ जाने के बाद गड्ढे बन गए हैं। इस रास्ते से आने जाने में डर लगता है। उनका आरोप है कि जनप्रतिनिधि और प्रशासन का ध्यान अभी तक इस ओर नहीं गया है। इसका खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि गांव के लोगों का घरों से निकलना भी मुश्किल हो गया है। कोग्रामीणों में रासबिहारी महतो, गोपाल महतो, सोमनाथ महतो, मथन चंद्र महतो, अजीत कुमार महतो, धनंजय महतो एवं विश्वनाथ महतो आदि ने जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत का आग्रह किया है।





